Monday, November 7, 2011

तपिश

ठंडे हाथों की तपिश अब तलक तारी हैं
कान के पीछे फूंकों की कुछ खुमारी है
नजर से नजर पढऩे का सिलसिला था जो
शुरू कब का हुआ और आज भी जारी है
ठुनकियों का जवाब कुछ चिकोटियां थीं
एक पल को लगा सारी कायनात हमारी है
सासों का सरगम स्पर्शों को खुद आतुर है
पास-पास हैं फिर भी दूर होने की तैयारी है

उंगलियां

मैं कैसे कह दूं अपनी उंगलियों से तू मत गा प्रेम गीत
जब यह कलम बनती हैं तो कमाल लिखती हैं
किसी की उंगलियां छू लें तो दिल का हाल लिखती हैं
कहीं आंखों पर ठहरती हैं तो उसके सवाल लिखती हैं
और अपने पर आ जाएं तो फिर बातें बेमिसाल लिखती हैं

टूटते तारों से मांगा था

प्रेम की चौपाई अब गजल होने लगी
जिक्र उनका क्या हुआ, आंखें सजल होने लगी
टूटते तारों से मांगा था भला मिलता भी क्या
गीत अपरिमित गा रही सांसे सिफर होने लगी।।

जरूरी है गांव हो

नजर आसमां पर जमीं पर पांव हो
धूप सा जज्बा हो पर दिल में छांव हो
टूटते घरों से बढ़ गई मकानों की दरयाफ्त
पर जिंदा रहने के लिए जरूरी है गांव हो
तुम्हारे हाथ हैं तैर कर पार कर लो दरिया
जो बेबस हैं उनके लिए जरूरी है नाव हो

दर्द का साज

जब मैं दर्द के साज सजाता हूं 
तो ही गीत नया गा पाता हूं
अपने तीरों से घायल होता हूं
अपना लहू बहाता हूं, तो ही गीत नया गा पाता हूं..
नाखूनों से खुरची हैं मैंने मन की दीवारें
मौन हुआ हथियार मेरा, ये ही मेरे हत्यारे
चोटिल कदमों को जब बोझिल पा जाता हूं
तो ही गीत नया गा पाता हूं, तो ही गीत नया गा पाता हूं...
सांझ ढले दुबके सूरज से दो-दो हाथ करूं मैं
मत डूबे, रात न हो, फिर फरियाद करूं मैं
अंधियारी रातों में जब यादों से घिर जाता हूं
तो ही गीत नया गा पाता हूं, तो ही गीत नया गा पाता हूं...

बुतशिकन

बुतशिकन कहलाने में जिन्हें मजा आए
वो आज फिर किसी का घर तोड़ आए
मासूम आंखों में बस खून का मंजर था
दरिंदे उसे लाश पर बिलखता छोड़ आए
उनकी आंखों में जगा है हैवानियत का अंघेरा
रात फिर किसी घर की रोशनी उठा लाए
खुदा से इश्क को कुछ यूं बे वास्ता कर दिया
खुदाई के नाम पर मजनूं को पत्थर मार आए 

काफिर

काफिर नहीं हो जाता सिर्फ बुतपरस्ती से कोई
वरना, मुसल्लम ईमान में इश्क भी अज़ाब होता
बुरे वक्त में भी कायम रहा अपनी जहीनियत पर
वरना जो मसाइल था उसमें मैं भी बेहिसाब होता
जानता हूं, मांगूगा तो खुदा सब दे देगा मुझे
मांगता नहीं कुछ वरना मैं भी बदमिजाज होता
मैं बेअदब नहीं, बेइंतिहाई बदगुमान दारोगा की थी
गरीब निकला, वरना मेरे जख्मों का भी हिसाब होता