Monday, September 19, 2016

ठोस मोम

देखो तुम्हारे प्रेम की मद्धम आंच में
कैसे मैं पिघल रहा हूँ कतरा कतरा
मोम की तरह
लेकिन जरा धोखा भी है
इस चूल्हे से उतरते ही मैं
फिर समेट लेता हूँ अपना वजूद
ठंडी होते ही ये आंच
मैं फिर बन जाता हूँ मोम
लेकिन ठोस

Sunday, May 1, 2016

दिल पत्थर

अब दिल से पत्थर का काम लेते हैं
दर्द होता है फिर भी तेरा नाम लेते हैं
मयकदा जानता है नशे की सच्चाई
हमप्याले मुझे जाम पर जाम देते हैं
तेरी महफ़िल से उठने की जुर्रत कहाँ
तेरा तीर-ए-नज़र दिल से थाम लेते हैं
रहगुज़र की बात क्या बताऊँ भला
मिरे क़दमों से चलने का काम लेते हैं
इमान जानता है के हमने क्या कहा
ज़माने के कहे पर मिरा नाम लेते हैं
खुश्क सी जिंदगी है तेरे जाने के बाद
बहारेयाद के लिए अश्कों से काम लेते हैं
बृजेश...

पहली लाइन बाजीराव मस्तानी फ़िल्म का संवाद है।

हर शख्स का किरदार है

संशोधित

कोई है खबरनवीस कोई नगमा निगार है
कुछ है जो सियासत इनकी तलबगार है
इनकी कलम सियासी हाथों ने थाम रखी
आइने के पीछे हर शख्स का किरदार है
सच कहाँ आ रहा अब खबरनवीसी में
कोई झंडाबरदार है तो कोई तरफदार है
कोई राम को थामे कोई काबा लिए बैठा
हो रहा सर्वे यहाँ कितना कौन असरदार है
बिलबिलाता फिर दिखेगा भूख से बच्चा वही
ये चुनावी साल है वो चुनावी इश्तिहार है
रोशनाई काली और हर्फ़ लिखे बस सुनहरे
विज्ञापनों के बोझ तले आज का अख़बार है
भूख भय भ्रष्टाचार इनसे हम लड़ जायेंगे
कलम लिखे जंग जुबानी धर्म ही हथियार है
हाल कहाँ बदला जनाब लोग ही बदल गए
चेहरा चरित्तर एक सा सब एक सी सरकार है
बृजेश....

लड़कियां गाएंगी गीत नया

आज हृदय में फिर आग का स्वर है
कई दिनों बाद गीत फिर कोई मुखर है
ख़त्म कहाँ हुआ आदम होने का गरूर
हव्वा पर जारी आज भी उसका कहर है
जाने किन खिड़कियों से आएगी रोशनी
बंद हैं उसके दरवाजे बंद सारा घर है
याद रखना के अँधेरा जब भी घना होगा
ये भी याद रखना रात का अंतिम पहर है

तुम्हारे लिए बस इक तादाद हैं ये लड़कियां
बड़े कमजर्फ सा इक एहसास हैं ये लड़कियां
रोशनी मांग ली गर तो बड़ी गुनहगार हो गईं
बोलते हो बेहया बदहवास हैं ये लड़कियां
तुम्हारी सोच के हर हथौड़े की चोट उनपर
याद रखना तुम्हारी सृष्टि पर तुम्हारा कहर है

फिर आग के स्वर ले जब वो गाएंगी गीत नया
शब्द बाण सब जल उठेंगे वो लेंगी जीत जहाँ
भले छिपाकर रखो तुम उनको बंद अंधेरे कमरे में
सूरज तब तो झांकेगा जब जर्जर होगी दीवार वहां
सोचो घुटन भरे अहसासों से तुम कैसे मुक्ति पाओगे
रखना याद तुम्हारे पास तब केवल जर्जर सा घर है

आसमां तक जाएँगी ये भी होगा इक दिन
कैद तूफां कर लाएंगी ये भी होगा इक दिन
अपनी ताकत  रख लेना अपने ही तक तुम 
हौसला हथियार उनका ये भी होगा इक दिन
तुमने आँगन के पिंजरे में उनको रखना चाहा है
मत भूलना हिम्मत का उनकी पीठों पे अब पर है
बृजेश.....

Saturday, April 9, 2016

हाल वही पुराना सा

तुमसे दिल का हाल कहूँ, ये अच्छी बात नहीं
एक ही तुम, एक ही दिल और हाल वही पुराना सा
अपनी आँखों में मंजर अब भी वैसे ही हैं
वो ही चेहरा, वही शिकन और उस दिन के तेरा जाना सा
कड़ी धूप में तपता चेहरा कुछ कुछ सिंदूरी भी
वो ही दिन, वैसी ही शामें और चेहरे पर रातो का आना सा
हर्फ चुने, बहर बनाई पर कुछ छूट गया
वो ही सरगम, ताल वही और मैं बिखरे सुर का गाना सा
बृजेश....

Saturday, March 26, 2016

हाशिये पर आदमी

हाशिये पर आदमी इस पे हम क्या कहें
बात कोरी कागजी इस पे हम क्या कहें
अदम के गांव में अब भी उड़ रही धूल है
तब भी मौसम गुलाबी इस पे हम क्या कहें
कल्लू की गली में आज भी अँधेरा है
हाकिम हैं दुनियाबी इस पे हम क्या कहें
महफ़िल है शबाब है शराब है कबाब है
जुम्मन की फूटी रकाबी इस पे हम क्या कहें
तुमने तो आँख में बस काजल देखा है
गीले नयन गुलाबी इस पे हम क्या कहें
चुगली कर रही लकीर काली सी गाल पर
आँखें रहीं रुआंसी इस पे हम क्या कहें

बचपन वाली वही लड़ाई....

आओ चलो फिर लड़ते हैं बचपन वाली वही लड़ाई
सिर फुटौव्वल मन मनौव्वल फिर से हम भाई भाई।

पों पों की आवाजों पर जब सरपट दौड़ लगाते थे
तेरी हो या मेरी चवन्नी सब पर हम हक़ जतलाते थे
फिर समझौता हो जाता था मिलके खाते बर्फ मलाई
आओ चले फिर......

चोरी चोरी बागों में हम कैसे मिलकर सेंध लगाते थे
अपनी चोरी तुम पर डाली हम चुपके से छुप जाते थे
अब मन का वो कोना सूना है सूनी है अपनी अमराई
आओ चलो फिर....

अच्छी लगती थी मुझको बस कवर चढ़ी तेरी किताबें
पेन तुम्हारा ही अच्छा है कई दफे उसे हम ले भागे
लगती थी डांट बुरी तुम्हारी पर अच्छी थी वही पढ़ाई
आओ चलो फिर....

बड़े हुए हम सब तो वो सब कुछ सपना लगता है
तारीखें बदलीं हम बदले सब कुछ बदला लगता है
बदले कैलेंडर बदली घड़ियां ये वक़्त कौन सा ले आईं
आओ चलो फिर ...

तेरा मेरा करते अब हम भूल चुके हैं बचपन को
आँगन में खड़ी दीवारों सा बाँट चुके हैं अपने मन को
ऐसे सवालों में उलझे हैं अब क्यों ना तेरे हिस्से माँ आई
आओ चलो फिर.... 

इंसान भी बिकता है

दुकान पर हो बिकोगे एक दिन जरूर
किसने कहा बस सामान ही बिकता है
यह तो हुनर पर है कि मोल क्या लगा
कीमत अच्छी हो, इंसान भी बिकता है

चिता का साजो सामान है तो क्या
वह दुकानदार है अपना मुनाफा कमाएगा
हकीकत पर सर्मिन्दा होने कि जरूरत नहीं
bajar me jhoot का syapa भी mil jayega.

सखी आयो रे फागुन बावरो

सखी आयो रे फागुन बावरो मोरे पिया अबहूँ नहीं आये
सखी जानो रे साजन सांवरो मोरे हिया अगन लगाए
सखी आयो रे....

पीली पीली सरसों लहकी चटख रंग है छाया
महकी महकी अमराई है आम भी है बौराया
फागुन की कोयल भी कूके मोरे पिया सुनहुँ नहीं आये
सखी आयो रे....

जानूँ न काहे सांवरा बन बैरन जिया जलाए
सावन बीतो ऐसहीं मोरा मन भी भीगा जाये
मेघ बन अंखियां भी बरसीं मोरे पिया तबहूं नहीं आए
सखी आयो रे...

चिट्ठी पाती संदेशा भर कागद बहुत भिजायो री
कजरारी भाषा पढ़ लें सो काजर भी ढरकायो री
ह्रदय अंदेशा भर भर धड़के काहे  संदेशा नहीं भिजवाये
सखी आयो रे....

बृजेश...

तुम बात तुम्हारी कहते तो

नयन मेरे पढ़कर तुम बात तुम्हारी कहते तो
गुनते बुनते रचते बसते हम बात तुम्हारी सुनते तो

क्यों सावन की राह चलो न अच्छी न बात भली
मेरे नयन बरसते हैं जब खुद को कहती दुःख की बदली
दुःख की नदिया छोटी हो जाती इसके पार उतरते तो

सांसों में घुलकर मेरी तुम सांस तुम्हारी बहने देते
दग्ध ह्रदय शीतल होता तुम आँख तुम्हारी बहने देते
धड़कन धड़कन को पढ़ लेती तुम धड़कन से लिखते तो

Thursday, March 29, 2012

एक और चेहरा

एक चेहरे के पीछे एक और चेहरा है
हर्फ बहुत भारी है, बहुत गहरा है
स्याह अंधेरा बहुत छिपाए बैठा है
जो कहता है कल बहुत सुनहरा है
हर आंख में लहू, हाथ में खंजर हैं
खुदा जाने दिल में कितना अंधेरा है
सूरज की किरणें महलो में छुपी हैं
कोई बताएगा ये कौन सा सबेरा है
हर दीवार केपीछे परछाईं रहती है
आज हमारा किस मकां में बसेरा है

शक बहुत है

के आदमी इंसान हो, इसमें शक बहुत है
दरअसल फर्ज कम हैं, हक बहुत है
बेचा जमीर तो ख्याल ये दब सा गया
जन्नतें कम हैं वहां दोजख बहुत है
इक सवाल है मेरा, कि तुझे कमी क्या है
तू कहता कम है वो, जो बेशक बहुत है।
जरा गौर से देख खुद को ईमान के आइने में
जो तू है, जो कल था, उसमें फरक बहुत है
शहंशाहों से सौदे बस फकीर किया करते हैं
उनमें खुदा सी शहंशाही का असर बहुत है

Thursday, March 8, 2012

नजाकत हाशिया और गुमाश्ते

कौन है उनकी बात करे जो हाशिये पर हैं
जिनके कत्लेआम की चर्चा बस वाकये पर है
दिल्ली की हुकूमत पर हमे भरोसा हो कैसे
सत्ता की चाभी जहां एक दो भाषिये पर है

सूरज की तपिश महलों में उतर ठंडी हो रही
तपती सड़क, नंगे पांव यहां हर रास्ते पर हैं
पेट की भूख से ज्यादा कभी सोचा नहीं गया
यूं कसमसाते हाथ पेट के गुमाश्ते भर है

जबां पर यूं ही हमने तालाबंदी की नहीं
तल्ख लफ्जों के मकाले को इजाजत हैं कहां
कीमती पत्थरों से मढ़कर पत्थर से ही हुए
किसी का दर्द छू लें, वह नजाकत है कहां

 

Saturday, February 11, 2012

मन बच्चे सा क्यों ना है.....

मन बच्चे सा क्यों ना है.....
मन बच्चे सा क्यो ना है, जो रुठे तो फिर माने भी
चिडिय़ोंं की भाषा समझे, तितली उसको पहचाने भी।
मन बच्चे सा क्यों ना है....
जीने की दुश्वारी में एक पल भी बच्चा ना रह पाया
कच्ची उम्र में जीते एक पल भी कच्चा ना रह पाया
कच्चा बच्चा पक्का अच्छा, बचपन से ही जाने भी।
मन बच्चे सा क्यों ना है....
संगी साथी खेल खिलौने बीते दिन की बातें होंगी
सुनी कभी जो लंबी कहानी और छोटी रातें होंगी
बचपन जो जी ना पाया, कहां कहानी वो जाने भी।
मन बच्चे सा क्यों ना है.....
शाम ढले घर आया हूं, हाथों को लेकर फिर खाली
बच्चे के गालों पर पहले थपकी फिर दी झूठी ताली
मैं समझूं बच्चा बहल गया पर वह सबकुछ जाने भी।
मन बच्चे सा क्यों ना है.....

Saturday, January 28, 2012

भविष्य

खेलने की उम्र में जो पत्थर तोड़ते दिख रहे हैं
सियासतदां इन्हें ही भविष्य देश का कह रहे हैं
कंधों पर बस्ते की जगह बेलदारी केबोझ लदे हैं
देश केभविष्य हैं और ढाबों में बर्तन धो रहे हैं

किरदार

तुमने कह तो दिया मैं हर रोज किरदार बदलता हूं
चलो सच बोलता हूं, मैं कुछ भी नहीं छिपाऊंगा
मैं आइना हूं, अपनी फितरत कैसे बदल दूं भला
तुम किरदार जैसे हो मैं वैसा ही नजर आऊंगा।

Thursday, January 12, 2012

मैं आईना हूं

 मैं आईना हूं, बेबाक हो कर सामने आ जाना
शफ्फाक हो तुम अगर, मैं बेदाग नजर आऊंगा
किरदारों से मत हो जाना कहीं तुम पर्दानशीं
तफ्सील से पढ़ लेना खुली किताब नजर आऊंगा
हर्र्फों के मायने बिला शक ईमान से बयां करना
खुदगर्जी से मत पढऩा मुझे वरना बदल जाऊंगा
गुजारिश यह भी है सियासतों से दूर रखना मुझे
सच का सिला पत्थर होगा और बिखर जाऊंगा॥

Saturday, January 7, 2012

सियासत का जख्म

कड़वाहट खूब देते हैं, यह आदत किसकी है
हिस्सों में बांट देते हैं, यह सियासत किसकी है
हिस्सों के जख्म पर मरहम भी देख के लगते हैं
सुखन महसूस करते हैं, यह नफासत किसकी है....

Monday, December 26, 2011

घर के आले पर जुगनू

सूरज खोजे नया बसेरा, जुगनू घर के आले पर है
रोटी देने की ड्यूटी थी जिनकी नजर निवाले पर है
फिर से अब वो झुका रहे सर, घूम रहे हर घर पर
कुर्सी की चाहत छलके, नजरें सत्ता केप्याले पर हैं॥
---------------
हर पांच साल पर जनता जमान की जय हो
मंदी में डूबा देश सेंसेक्स के उड़ान की जय हो
साहब महंगाई दर धीरे धीरे पहुंच रही जीरो पर
सिफर महंगाई में भी जेब के कटान की जय हो॥
---------
नीला खेमा, केसरिया बाना, रंग तिरंगा सजा हुआ
सत्ता संग्राम में शेर भी उतरे कहीं सियार रंगा हुआ
कुछ हाथों में तलवार दुधारी, कुछ जीभें बनी कटारी
संभलो, फिर न शिकायत करना, अब भी दगा हुआ॥
---------------
कृपया किसी को न बहकाए
अपनी आदतों से बाज आएं
क्षेत्र-जाति वाद न सिखाएं
विकास के बूते लडऩे आएं
जन बल धीरे से जग रहा है
आयोग भी पेंच कस रहा है॥

Saturday, December 3, 2011

सियासत का चेहरा

सियासत का ये कौन सा चेहरा है
बागबां था अब तलक आज वो लुटेरा है
रोशन हैं महलों दुमहलों के परकोटे
कल्लू की गली में आज भी अंधेरा है।

जश्न-ओ-जाम में रंगीन हुई शाम है
सफेद लिबास में नंगई खुले आम है
चुपचाप सो गए दिन के स्याह चूल्हे
कल्लू के घर में फांके सुबहो शाम है
खुशी के रंग कैद कर हाथ बांधे बैठा है
आज बेईमान हुआ कौन ये चितेरा है।

बेफिक्र सा हुस्न ले साकिया छेड़ रही
लाल परी होंठ से होंठ ले खेल रही
खून के रंग, बू कौन यहां देख रहा
भुने हुए गोश्त की महक बड़ी तेज रही
सौदा हलाल का कल्लू रहा खाली हाथ
मंत्री आवास या बेईमानों का बसेरा है।

विलायती बिस्कुटों पर कुत्ते फिर लड़ गए
मालिकों के सामने हक पर अपने अड़ गए
काट काट नोंच खा लहूलुहान हो गए
बची हुई हड्डियों को चूस कर सो गए
कल्लू ये पूछ रहा कौन सा ये लोकतंत्र
कैसे ये रात ढली कौन सा सबेरा है।

रोशन हैं महलों दुमहलों के परकोटे
कल्लू की गली में आज भी अंधेरा है।